ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र सिंह का हृदय गति रुकने से आकस्मिक निधन
35 वर्ष की आयु में दुनिया से विदा हुए धर्मेंद्र सिंह, पीछे छोड़ गए पत्नी और दो बेटियाँ; विभाग में शोक की लहर

रिपोर्ट: राहुल पटेल।
गाजीपुर। जनपद गाजीपुर पुलिस विभाग के लिए शनिवार का दिन बेहद दुखद साबित हुआ। सुहवल थाना में तैनात हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र सिंह का हृदयगति रुकने से अचानक निधन हो गया। उनकी उम्र मात्र 35 वर्ष थी। यह खबर पूरे जिले में शोक की लहर फैला गई। विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सहित उनके परिचितों ने गहरा दुख जताया है।
जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र सिंह की तबीयत पिछले कुछ दिनों से ठीक नहीं चल रही थी। रविवार सुबह वे परिवार के पास पहुँचे थे, जहाँ करीब 11 बजे अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज, गोरा बाजार ले जाया गया। लेकिन रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो चुकी थी। डॉक्टरों ने अस्पताल पहुँचते ही उन्हें मृत घोषित कर दिया।
धर्मेंद्र सिंह, पुत्र स्व. संतोष सिंह, मूल रूप से भदोही जिले के अजयपुर गाँव (थाना कोतवाली) के निवासी थे। वर्तमान में वे गाजीपुर के सुहवल थाने में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। वर्ष 2021 में उन्होंने यातायात विभाग से सेवा शुरू की थी और 2022 में पदोन्नति पाकर दीवान बने। वर्ष 2024 में उनका स्थानांतरण सुहवल थाने में हुआ, जहाँ वे हाल ही में जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल मनोज सिन्हा के पुत्र अभिनव सिंह की सुरक्षा ड्यूटी में लगे थे।
धर्मेंद्र सिंह के परिवार में उनकी पत्नी तनु सिंह (निवासी कपसेठी, वाराणसी), 9 वर्षीय बेटी रूही और 4 वर्षीय बेटी चिकू हैं। उनके असमय निधन से परिवार गहरे सदमे में है।
पुलिस विभाग के सहयोगियों ने उन्हें एक मिलनसार, अनुशासित और कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मी के रूप में याद किया। गाजीपुर पुलिस ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की है कि वह दिवंगत आत्मा को शांति और परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति दे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव भदोही में किया जाएगा।