Varanasi

तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से महिला की मौत, गांव वालों ने किया चक्का जाम

रिपोर्ट: मनीष कुमार 

वाराणसी। थाना सारनाथ क्षेत्र के सथवा गांव में मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने सड़क किनारे चल रही लगभग 45 वर्षीय महिला तीजा देवी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा रात लगभग 8 बजे का बताया जा रहा है। टक्कर इतनी तेज थी कि महिला का शरीर लगभग 100 मीटर दूर जा गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

मृतक तीजा देवी के पति की पहले ही मौत हो चुकी है। उनके चार बच्चे हैं — दो बेटे और दो बेटियां। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। छोटा बेटा राजन भारद्वाज ने बताया कि वाहन बहुत तेज गति में था और नियंत्रण खोने के कारण यह हादसा हुआ।

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। सैकड़ों की संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और चक्का जाम कर दिया। गांव वालों की मांग है कि मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा मिले और वाहन चालक को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। लोगों का कहना है कि घटना के दो घंटे बाद भी एंबुलेंस नहीं पहुंची, जिससे प्रशासन की लापरवाही साफ नजर आती है।

सूचना पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा है, लेकिन स्थिति अभी भी तनावपूर्ण बनी हुई है। ग्रामीण उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे हैं। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। समाचार लिखे जाने तक एंबुलेंस नहीं पहुंची थी और जाम जारी था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button