“दुष्कर्म के बाद वीडियो बनाकर करता था ब्लैकमेल”, महिला ने प्रेस कांफ्रेंस कर लगाया देवर पर दुष्कर्म और धमकी का आरोप
ख़बर भारत डेस्क

वाराणसी। जिले में एक महिला ने प्रेस कांफ्रेंस कर चचेरे देवर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि पति की नशे की लत का फायदा उठाकर उसके चचेरे देवर ने न केवल प्रताड़ित किया बल्कि जबरन दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो भी बनाया। यही नहीं, अदालत में चल रहे मुकदमे को वापस लेने के लिए लगातार धमकियां भी दी जा रही हैं।
पीड़िता का विवाह वर्ष 1996 में जौनपुर जिले के नेवढिया थाना क्षेत्र स्थित करमऊआ गांव में अजय पाण्डेय नामक व्यक्ति से हुआ था। दोनों के दो बच्चे—एक पुत्र व एक पुत्री हैं। महिला का आरोप है कि ससुराल में सास-ससुर की मृत्यु के बाद सारी पैतृक और अर्जित संपत्ति पति अजय के नाम हो गई। इसी बीच उसका चचेरा देवर राजेश पाण्डेय, पति को नशे का आदी बना दिया और उसी कमजोरी का लाभ उठाते हुए महिला पर गंदी नजर रखने लगा।
पीड़िता ने बताया कि तीन साल पहले 5 मार्च 2022 को जब पति नशे की हालत में थे, तभी चचेरा देवर ने जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया और पूरी घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग कर ली। इसके बाद वह वीडियो दिखाकर लगातार ब्लैकमेल करता रहा और शारीरिक शोषण का प्रयास करता रहा। प्रताड़ना से तंग आकर महिला अपने बच्चों को लेकर मुंबई चली गई।
महिला ने आगे बताया कि 21 मार्च 2025 को जब वह वाराणसी कचहरी में मुकदमे की पैरवी के लिए पहुंची तो चचेरे देवर ने वहीं धमकी दी कि यदि केस वापस नहीं लिया तो वह पति से सारी संपत्ति अपने नाम कराकर उसे व बच्चों को दर-दर का भिखारी बना देगा।
पीड़िता के अनुसार, उसने स्थानीय थाने में कई बार शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की लेकिन छह माह तक कोई सुनवाई नहीं हुई। अंततः अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ा और न्यायालय के आदेश पर भी मुकदमा दर्ज होने में देरी हुई। बाद में वाराणसी डीआईजी को प्रार्थना पत्र देने के बाद कहीं जाकर मामला पंजीकृत हो सका।
महिला ने प्रेस कांफ्रेंस में रोते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महिलाओं के सशक्तिकरण की बात करते हैं, लेकिन जब वह स्वयं न्याय के लिए भटक रही हैं तो हकीकत सामने आती है। उन्होंने दोनों नेताओं से गुहार लगाई है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।