नगर निगम की कार्रवाई पर भड़के व्यापारी, न्याय की आस में राज्यमंत्री से लगाई गुहार
नगर निगम और स्मार्ट सिटी की कार्रवाई के खिलाफ व्यापारियों का विरोध, नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौड़ से लगाई न्याय की गुहार

रिपोर्ट: वीरेन्द्र पटेल।
वाराणसी। नाइट मार्केट और स्थानीय व्यापारियों पर नगर निगम और स्मार्ट सिटी प्रबंधन की कथित मनमानी और उत्पीड़न के खिलाफ शुक्रवार को व्यापारियों ने मोर्चा खोल दिया। इस मुद्दे को लेकर कैंट क्षेत्र के व्यापारियों द्वारा एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें नगर विकास राज्यमंत्री राकेश कुमार राठौड़ से हस्तक्षेप की अपील की गई।
प्रेस वार्ता में वाराणसी व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजीत सिंह बग्गा और कैंट व्यापार मंडल की अध्यक्ष नेत्रा जायसवाल ने संयुक्त रूप से कहा कि नगर निगम द्वारा लगातार व्यापारियों के साथ एकतरफा कार्रवाई की जा रही है, जिससे छोटे और मध्यम व्यापारी खासे परेशान हैं।
नेत्रा जायसवाल ने बताया कि मंत्री राकेश राठौड़ ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम की तोड़फोड़ कार्रवाई पर फिलहाल रोक लगाने का निर्देश दिया है, जिसके लिए पूरा व्यापारी वर्ग उनके प्रति आभार व्यक्त करता है।
उन्होंने कहा कि अब व्यापारी यह उम्मीद कर रहे हैं कि राज्यमंत्री स्वयं वाराणसी आकर स्थानीय व्यापारियों की समस्याओं को सुनें और इस पर न्यायपूर्ण फैसला लें।
व्यापारियों ने कहा कि बाबा विश्वनाथ की नगरी में वे मंत्री का स्वागत करने को तैयार हैं, लेकिन प्रशासन को भी चाहिए कि व्यापारियों की आजीविका और सम्मान की रक्षा करते हुए कार्यवाही करें।