VaranasiNews

पुश्तैनी संपत्ति विवाद में बदमाशों ने दो चचेरे भाइयों को मारी गोली, हालत गंभीर

आकाश पाण्डेय, गाज़ीपुर

 

सैदपुर, गाज़ीपुर। सैदपुर थानाक्षेत्र के टोडरपुर में पुश्तैनी घर में हिस्सेदारी को लेकर 2 चचेरे भाइयों को बदमाशों ने गोली मार दी। जिसमें एक युवक को पेट व सीने के बीच गोली लगी, वहीं उसे बचाने आये युवक को हाथ की हड्डी में गोली लग गयी। घटना के बाद मौके से बदमाश फरार हो गए।

घटना की सूचना पर पहुंचे कोतवाल योगेंद्र सिंह ने मौके से खोखे बरामद किया, वहीं घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां से दोनों को रेफर कर दिया गया। इस मामले में गोली लगने से घायल युवक की पत्नी ने सीएचसी में पति के सगे बहनोई पर गोली मरवाने का आरोप लगाया। मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है। बाद में फॉरेंसिक टीम भी पहुंची।

जानकारी के अनुसार सैदपुर थाना क्षेत्र के टोडरपुर गांव में पुश्तैनी मकान की हिस्सेदारी को लेकर दो चचेरे भाइयों पर बबलू यादव और उसके साथियों ने गोली चला दी। घटना में 32 वर्षीय रामबाबू यादव के पेट व सीने के बीच गोली लगी, जबकि उसे बचाने आए 26 वर्षीय पीयूष यादव के हाथ में गोली लगी। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

विवाद की शुरुआत कई माह पहले हुई, पंचायतों में भी समाधान नहीं निकला

रामबाबू यादव अपनी मां व घायल छोटे भाई के साथ अपने पुश्तैनी मकान में रहता था। उसकी बहन अंबालिका का पति बबलू यादव कुछ महीनों से उसी मकान में रहने लगा, जिससे रामबाबू और बबलू के बीच विवाद बढ़ गया। संपत्ति को लेकर लगातार झगड़े होते रहे, कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन विवाद जस का तस बना रहा।

गोलीबारी किस्सा: छत पर विवाद के बाद बदमाशों ने फायरिंग की

आज भी घर की छत पर बातचीत के दौरान कहासुनी हुई। अचानक बबलू ने अपने साथियों को बुलाकर गोली चलवा दी। गोली रामबाबू के हृदय के समीप लगी जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पीयूष ने रामबाबू को बचाने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने उसे भी गोली मार दी। घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।

पत्नी ने सगे बहनोई और परिवार पर हत्या का आरोप लगाया

घटना के बाद अस्पताल में रामबाबू की पत्नी ने आरोप लगाया कि सगे बहनोई बबलू और उसकी पत्नी अंबालिका सहित परिवार के अन्य सदस्य संपत्ति पर कब्जा करना चाहते थे। पहले छत से गिराकर हत्या की कोशिश की गई, जब असफल रहे तो गोली चलवा दी।

पुलिस जांच में जुटी, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

कोतवाल योगेंद्र सिंह ने मौके से तीन खोखे बरामद किए हैं। आरोपियों की तलाश जारी है। अब तक कोई तहरीर नहीं मिली है, लेकिन पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ मामले की गहन जांच कर रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button