योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन पर काशी में हुआ विशेष यज्ञ, 51 किलो लाल मिर्च और पीली सरसों का प्रयोग

रिपोर्ट:अजय त्रिपाठी।
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 53वें जन्मदिवस पर पूरे प्रदेश में श्रद्धा और भक्ति के साथ विभिन्न आयोजन हो रहे हैं। धार्मिक नगरी काशी में भी उनके उत्तम स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना को लेकर विशेष पूजन और अनोखे यज्ञ का आयोजन किया गया।
सुदामापुर स्थित हनुमान मंदिर में ज्योतिषाचार्य पंडित नरेंद्र उपाध्याय की अगुवाई में एक विशेष तांत्रिक एवं वैदिक हवन संपन्न हुआ। इस यज्ञ में 51 किलो लाल मिर्च, 51 किलो पीली सरसों और नमक के माध्यम से मंत्रोच्चारण के साथ हवन किया गया। हवन के दौरान मां पीतांबरा देवी, बाबा विश्वनाथ और मां काली से यह प्रार्थना की गई कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को हर प्रकार के रोग और बाधाओं से मुक्ति मिले और वे सदैव स्वस्थ और दीर्घायु रहें।
अन्नपूर्णा मंदिर में 53 दीपों से सजा परिसर
इधर, वाराणसी के ऐतिहासिक अन्नपूर्णा मंदिर में भी योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस को उत्सव की तरह मनाया गया। मंदिर प्रांगण में मुख्यमंत्री के 53वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में 53 दीप प्रज्वलित किए गए। महंत शंकरपुरी महाराज ने उनकी तस्वीर पर तिलक कर लंबी उम्र की कामना की। इस दौरान लड्डुओं का वितरण भी किया गया और श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन कर उत्सव का रूप दिया।
काशीवासियों ने मुख्यमंत्री के प्रति अपनी शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि वे न सिर्फ एक सक्षम प्रशासक हैं, बल्कि धर्म, संस्कृति और सुरक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता अद्वितीय है।
पूरी ख़बर देखने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें।