राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान 2025: अब मुकदमे की उलझनों से मिले राहत, मध्यस्थता है रास्ता

ख़बर गाज़ीपुर: आकाश पाण्डेय
राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान 2025, जो राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA), नई दिल्ली और मिडिएशन एवं कंसिलियेशन प्रोजेक्ट कमेटी, सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली के तत्वाधान में 01 जुलाई से 30 सितंबर 2025 तक आयोजित किया गया है, का उद्देश्य न्यायालयों में लंबित मुकदमों को आपसी सहमति से निपटाने का अवसर प्रदान करना है। इस अभियान के तहत, पक्षकार संबंधित न्यायालय में उपस्थित होकर अपने विवादों का मध्यस्थता के माध्यम से समाधान कर सकते हैं।
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजीपुर के अध्यक्ष/जिला जज धर्मेंद्र कुमार पांडेय और सचिव/अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश विजय कुमार के मार्गदर्शन में, इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इसके लिए जनपद के सभी न्यायालयों और तहसीलों में स्थापित लीगल एड क्लीनिक के माध्यम से जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
तहसील सैदपुर में स्थापित लीगल एड क्लीनिक पर कार्यरत पैरा-लीगल वॉलंटियर्स (PLV) रणजीत कुशवाहा और कंचन मौर्या द्वारा तहसील परिसर में आने वाले लोगों को हैंडबिल वितरित कर जागरूक किया गया। इस अभियान के तहत निम्नलिखित मामलों का निस्तारण आपसी सहमति से किया जा सकता है:
– घरेलू हिंसा से संबंधित मामले
– भरण-पोषण से संबंधित मामले
– मोटर दुर्घटना से संबंधित मामले
– भूमि अधिग्रहण से संबंधित मामले
– वैवाहिक विवाद
– उपयुक्त दीवानी वाद
रणजीत कुशवाहा के द्वारा बताया गया कि उक्त के संबंध में अधिक जानकारी के लिए 8543038416 व 7388610563 पर सम्पर्क किया जा सकता है,
सैदपुर से उपरोक्त के सम्बन्ध में 8808168068 व 8840052952 पर भी जानकारी व विधिक राय ली जा सकती है।