
डेस्क
वाराणसी। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा गौ माता को लेकर दिए गए बयान पर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी के विरोध में आज वाराणसी के जिला मुख्यालय पर राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव का पुतला फूंका।
भाजपा का आरोप – भारतीय संस्कृति का कर रहे अपमान
मीडिया से बात करते हुए राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल ने अखिलेश यादव पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा,” सपा प्रमुख अखिलेश यादव लगातार भारतीय संस्कृति और सभ्यता के खिलाफ बयान देते आ रहे हैं। वे केवल मुस्लिम वोट बैंक को साधने के लिए हमारी आस्था पर हमला कर रहे हैं। कभी राणा सांगा, कभी महाराजा सुहेलदेव, और अब गौ माता को लेकर विवादित बयान देकर हिंदुओं की भावनाओं को आहत करने का काम कर रहे हैं।”
“गौ माता के खिलाफ बोलकर आस्था को चोट पहुँचा रहे अखिलेश”
राज्य मंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव के कार्यकाल में गौ कटान को बढ़ावा देने के लिए लाइसेंस जारी किए गए थे।जब अखिलेश यादव मुख्यमंत्री थे, तब आधुनिक मशीनों से गौ हत्या के लिए लाइसेंस जारी किए गए, जिससे एक दिन में हजारों गाय काटी जाती थीं। लेकिन अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस कुप्रथा को खत्म कर दिया है और 1.5 लाख से अधिक गायों की रक्षा कर रहे हैं। अखिलेश यादव अब उसी गौ माता के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।
गोबर पर बयान को लेकर भी भाजपा का पलटवार
राज्य मंत्री जायसवाल ने अखिलेश यादव के गोबर से दुर्गंध आने वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “हमारे लिए गोबर पूजनीय है। भगवान की पूजा से पहले गौरी-गणेश का पूजन गोबर से किया जाता है। पूर्वांचल के लोग बाटी-चोखा बनाने में भी गोबर का उपयोग करते हैं। लेकिन अखिलेश यादव बार-बार हमारी सनातन परंपरा का अपमान कर रहे हैं।”
“अखिलेश को मानसिक इलाज की जरूरत” – रविंद्र जायसवाल
राज्य मंत्री ने तंज कसते हुए कहा,” अखिलेश यादव को शायद मानसिक समस्या हो गई है। योगी बाबा ने आगरा और बनारस में कई अच्छे मानसिक अस्पताल खुलवाए हैं, जहां उनका इलाज कराना चाहिए।”
भाजपा का विरोध प्रदर्शन और आगे की रणनीति
पुतला दहन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने “अखिलेश यादव होश में आओ” के नारे लगाए और मांग की कि सपा प्रमुख अपने बयान पर माफी मांगें।
भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि अखिलेश यादव आगे भी भारतीय संस्कृति और हिंदू आस्था पर विवादित बयान देते रहे, तो भाजपा इसका कड़ा विरोध करेगी।