Ghazipur

सैदपुर बाईपास पर बस-ट्रेलर भिड़ंत, छह घायल; एक की हालत गंभीर

आकाश पाण्डेय, गाज़ीपुर

सैदपुर, गाजीपुर। सोमवार की दोपहर गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन हाईवे पर सैदपुर बाईपास के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जब बलिया से वाराणसी की ओर जा रही एक यात्री बस को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में छह लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस सैदपुर बाईपास पर एक यात्री को उतारने के लिए कुछ क्षण के लिए रुकी थी। उसी दौरान पीछे से आ रहा ट्रेलर नियंत्रण खो बैठा और तेज गति से बस में जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर का चालक केबिन में ही फंस गया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला जा सका।

घायलों की पहचान:
घटना में घायल लोगों की पहचान इस प्रकार की गई है:

  • सुनील पाल (22 वर्ष)– ट्रेलर चालक, निवासी बभनौली, थाना रॉबर्ट्सगंज, जनपद सोनभद्र
  • देवेंद्र सिंह (40 वर्ष) – बस यात्री, निवासी मनियर, बलिया
  • अहमद (24 वर्ष) – बस यात्री, बलिया
  • ओमप्रकाश (25 वर्ष) – बस यात्री, बलिया
  • चंद्रदेव राम (70 वर्ष) व उनकी पत्नी लीलावती देवी (65 वर्ष) – निवासी सुखपुरवां, थाना फेफना, बलिया

घायलों को एंबुलेंस और स्थानीय पुलिस की मदद से तत्काल सैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद अहमद को गंभीर स्थिति में वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया।

संयोगवश टला बड़ा हादसा:
हादसे के समय बस में काफी यात्री सवार थे, लेकिन संयोगवश कोई बड़ा जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से सभी घायलों को समय पर उपचार मिल सका।

सैदपुर पुलिस द्वारा दुर्घटना की जांच की जा रही है। प्राथमिक तौर पर ट्रेलर चालक की लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए फोरलेन पर आवागमन बाधित हुआ, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button