खाद संकट पर आम आदमी पार्टी का जोरदार विरोध प्रदर्शन, शाहगंज तहसील में सौंपा गया ज्ञापन
ख़बर भारत डेस्क

शाहगंज (जौनपुर)। प्रदेश में खाद की किल्लत को लेकर किसानों की बढ़ती परेशानी पर आम आदमी पार्टी (आप) ने शनिवार को प्रदेशव्यापी विरोध प्रदर्शन किया। इसी कड़ी में शाहगंज तहसील क्षेत्र में आप कार्यकर्ताओं ने ज़ोरदार नारेबाज़ी करते हुए तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया और राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी को सौंपा।
आप कार्यकर्ताओं का कहना था कि खेती के इस अहम सीजन में खाद की कमी किसानों की आजीविका पर सीधा प्रहार है। शाहगंज में जिला अध्यक्ष रामरतन विश्वकर्मा के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता जेसीस चौराहे पर एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ नारे लगाए। इसके बाद सभी कार्यकर्ता उप जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपा।
“किसानों की कमर तोड़ रही है सरकार” – आप जिला अध्यक्ष
जिला अध्यक्ष रामरतन विश्वकर्मा ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों को खाद उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने में व्यस्त सरकार ने अन्नदाता को दर-दर भटकने पर मजबूर कर दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर किसानों की समस्याओं का समाधान जल्द नहीं हुआ, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
यह विरोध प्रदर्शन सांसद एवं प्रदेश प्रभारी संजय सिंह के निर्देश पर पूरे प्रदेश के तहसील मुख्यालयों पर आयोजित किया गया।
आम आदमी पार्टी की मुख्य मांगें
- किसानों को तत्काल पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए।
- खाद वितरण में हो रहे भ्रष्टाचार और कालीबाज़ारी पर सख्त कार्रवाई की जाए।
- खाद वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए।
- खेती के मौसम को ध्यान में रखते हुए प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया जाए।
- किसानों की राहत हेतु विशेष पैकेज घोषित किया जाए।
भारी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में आप कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। मौके पर महासचिव विनोद कुमार प्रजापति ने कहा कि खेती का मौसम चल रहा है, लेकिन खाद की कमी से बोआई बाधित हो रही है। सरकार को तुरंत दोषियों पर कार्रवाई करनी चाहिए और किसानों के लिए विशेष सहायता पैकेज की घोषणा करनी चाहिए।
प्रदर्शन में विधानसभा अध्यक्ष शिवजी मिश्रा, जिला सचिव अमित विश्वकर्मा, विधानसभा उपाध्यक्ष अच्छे लाल तिवारी, मुमताज अहमद, महासचिव सुनील मौर्या, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष जफर मसूद, उपाध्यक्ष रसूल, शशि रजक, अमित गौतम, अनुराग प्रजापति, बिक्लेश प्रजापति, सुनील शर्मा, रोहित गुप्ता, दिलीप विश्वकर्मा, रघुवंश यादव, पंकज यादव, साजू सलमानी, लाला साह, इमरान साह, उषा प्रजापति, हरिओम प्रजापति, मनीष प्रजापति, शिवम प्रजापति, रघुनाथ प्रजापति, राजेश गुप्ता, दीपू खान, पंकज अग्रहरि सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।