VaranasiNews

कैंट स्टेशन के पास ऑटो में शर्मनाक घटना : बुजुर्ग ने समाज सेविका से की अश्लील हरकत, रेट तक पूछ डाला

वाराणसी कैंट स्टेशन पर अनैतिक गतिविधियों का बोलबाला, महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल

आरिफ़ अंसारी, वाराणसी

 

वाराणसी।  कैंट स्टेशन के पास एक शर्मनाक घटना सामने आई है। युवा फाउंडेशन की अध्यक्ष सीमा चौधरी ने आरोप लगाया है कि चलती ऑटो में सफर के दौरान एक बुज़ुर्ग व्यक्ति ने न सिर्फ उनके साथ अश्लील हरकत की, बल्कि हद तो तब हो गई जब उसने उनका ‘रेट’ तक पूछ लिया। सीमा चौधरी का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है, कैंट स्टेशन और उसके आसपास आए दिन महिलाएँ और बालिकाएँ असामाजिक तत्वों की हरकतों का शिकार होती हैं। इस घटना के बाद महिला सुरक्षा और स्टेशन परिसर में पनप रही अवैध गतिविधियों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

 

शहर के कैंट स्टेशन और उसके आसपास लगातार बढ़ रही अवैध गतिविधियों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। युवा फाउंडेशन की अध्यक्ष सीमा चौधरी ने डंपी तिवारी (अध्यक्ष , मिशन समाज सेवा) के साथ पुलिस आयुक्त वाराणसी को एक प्रार्थना पत्र सौंपकर इस मुद्दे पर कड़ी कार्यवाही की मांग की है।

सीमा चौधरी का कहना है कि 3 सितम्बर 2025 को स्वयं उनके साथ कैंट स्टेशन के सामने अश्लील हरकत की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। प्रतिदिन महिलाओं और यात्रियों के साथ ऐसी घटनाएं हो रही हैं। स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है, जो न सिर्फ छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करते हैं बल्कि खुलेआम देहव्यापार जैसी अवैध गतिविधियों को भी बढ़ावा देते हैं।

स्थानीय लोगों का आक्रोश

परेशान होकर कई स्थानीय लोगों ने अपने घरों के बाहर पोस्टर तक लगा दिए हैं कि वे यहां नहीं रहना चाहते और घर बेचना चाहते हैं। लोगों का कहना है कि माहौल असुरक्षित और अस्वस्थ हो चुका है। ऐसे में बच्चों और महिलाओं का रहना मुश्किल हो गया है।

मांगें और चेतावनी

प्रार्थना पत्र में सीमा चौधरी ने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं—

  1. कैंट स्टेशन और आसपास महिला सुरक्षा हेतु नियमित पुलिस गश्त और पिंक बूथ की व्यवस्था हो।
  2. असामाजिक तत्वों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
  3. यात्रियों और महिलाओं के लिए हेल्पलाइन और त्वरित शिकायत निवारण की सुविधा बढ़ाई जाए।

उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो वे अपने सहयोगियों के साथ जन आंदोलन और धरने पर बैठने के लिए बाध्य होंगी।

प्रशासन की परीक्षा

कैंट स्टेशन शहर का मुख्य द्वार है, जहाँ रोज़ाना हजारों यात्री आते-जाते हैं। लेकिन इस क्षेत्र में अवैध गतिविधियों का बढ़ता जाल न सिर्फ सामाजिक ताने-बाने को कमजोर कर रहा है, बल्कि वाराणसी जैसी पवित्र और सांस्कृतिक नगरी की छवि को भी धूमिल कर रहा है। अब देखना यह होगा कि पुलिस प्रशासन इस पर कितनी त्वरित और सख़्त कार्रवाई करता है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button